छत्तीसगढ़: पैसे के लिये बेटे ने की मां की हत्या
पेन्ड्रा । डेस्क: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम कटरा के धनुहारीटोला में एक कलयुगी बेटे ने चंद रुपयों और जमीन के लालच में अपनी 65 वर्षीय बुजुर्ग मां की बेरहमी से गला घोंटकर हत्या कर दी. मिली जानकारी के अनुसार, मृतका फूलमतिया बाई के बैंक खाते में हाल ही में प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त जमा हुई थी.
आरोपी बेटा दलबीर सिंह अपनी अय्याशियों को पूरा करने के लिए मां पर उन पैसों को देने का दबाव बना रहा था. साथ ही, वह पैतृक संपत्ति में भी बड़ा हिस्सा मांग रहा था, जिसे देने से मां ने साफ इनकार कर दिया था.
फूलमतिया का मानना था कि जमीन का बंटवारा सभी वारिसों के बीच समान रूप से होना चाहिए, जिससे नाराज दलबीर ने रंजिश पाल ली थी.
होली की शाम शराब के नशे में धुत होकर आरोपी ने एक बार फिर अपनी मां से विवाद शुरू किया. बहस इतनी बढ़ी कि तैश में आकर दलबीर ने अपनी मां का गला घोंट दिया, जिससे बुजुर्ग महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी बेटे के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसते हुए उसे हिरासत में ले लिया है.