रोड एक्सीडेंट: पिता की मौत के 3 महीने बाद मासूम बेटी ने भी तोड़ा दम
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा के डौंडी थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया, जिसमें आजाद पब्लिक स्कूल के बच्चों से भरी एक अनियंत्रित फोर्स गाड़ी मरारटोला पुल के पास नाले में जा गिरी. इस दुखद घटना में 7 साल की मासूम छात्रा वेदांशी साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार 13 अन्य बच्चे घायल हुए हैं.
पुलिस प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, स्कूल की छुट्टी के बाद चालक कुल 19 बच्चों को लेकर उनके घर छोड़ने जा रहा था, तभी करीब साढ़े तीन बजे वाहन चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सीधे पुल के नीचे पलट गया.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की टीम ने बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
इस हादसे ने एक परिवार को कभी न भरने वाला जख्म दिया है. मृतक छात्रा वेदांशी के संदर्भ में एक अत्यंत विचलित करने वाली जानकारी सामने आई है कि महज तीन माह पूर्व ही उसके पिता चिम्मनलाल साहू की भी एक ट्रैक्टर-ट्राली दुर्घटना में जान चली गई थी. अब पिता के साये के बाद घर की लाडली के चले जाने से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
थाना प्रभारी उमा ठाकुर ने बताया कि दुर्घटना के वक्त गाड़ी में चालक सहित कुल 21 लोग सवार थे. फिलहाल हादसे के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है क्योंकि वाहन चालक खुद भी गंभीर रूप से घायल है और उपचाररत है. पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है कि क्या हादसा तेज रफ्तार की वजह से हुआ या वाहन में किसी तरह की तकनीकी खराबी थी.