रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा: अज्ञात वाहन की चपेट में आने से कर्मचारी की मौत

C

CG Khabar

03 मार्च 2026, 04:35 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

मुकेश कंवर
मुकेश कंवर

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोमवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में 28 वर्षीय युवक मुकेश कंवर की जान चली गई. मृतक दर्री सीएसईबी कॉलोनी का निवासी था और उसके पिता जगदीश कंवर विद्युत विभाग (सीएसईबी) में सेवारत हैं. 


यह दुखद घटना सीएसईबी मिनी हाइडल पावर प्लांट के समीप घटित हुई. जानकारी के मुताबिक, एक निजी पावर प्लांट में कार्यरत मुकेश अपनी ओला इलेक्ट्रिक स्कूटी से दर्री से कोरबा की ओर जा रहा था, तभी वह किसी अज्ञात भारी वाहन का शिकार हो गया.

विज्ञापन


सड़क किनारे झाड़ियों में मुकेश का शव और उसकी स्कूटी मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मौके से गुजर रहे राहगीरों की नजर जब झाड़ियों में पड़ी स्कूटी और घायल युवक पर पड़ी, तो उन्होंने तत्काल उसे बाहर निकालकर एनटीपीसी अस्पताल पहुँचाया. 


हालांकि, अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया. अस्पताल प्रबंधन के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, मुकेश को किसी बड़े वाहन ने जोरदार टक्कर मारी थी, जिससे आई गंभीर चोटें उसकी मृत्यु का कारण बनीं.


हादसे की सूचना पर दर्री पुलिस ने मौके पर पहुँचकर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए कटघोरा अस्पताल भेजा है. 


दर्री थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों और टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश में जुटी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आसपास के साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी. अविवाहित मुकेश की असमय मौत से उसके परिवार और कॉलोनी में शोक का माहौल है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP