रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

बांकीमोंगरा: हाइवा की टक्कर से युवक की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

C

CG Khabar

05 अप्रै. 2026, 01:34 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

सड़क दुर्घटना
सड़क दुर्घटना

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांकीमोगरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बलगी-सुराकछार मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई. तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. 


इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया.

विज्ञापन


जानकारी के अनुसार, सलियाभांठा निवासी 36 वर्षीय रामेश्वर सिंह कंवर अपने निजी काम से बलगी की ओर जा रहा था. 


इसी दौरान सड़क पर ओवरटेक करने की कोशिश में एक अनियंत्रित भारी वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि रामेश्वर की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. 


मृतक एक निजी संस्थान में कार्यरत था और अपने पीछे पत्नी, बच्चों समेत पूरे परिवार की जिम्मेदारी छोड़ गया है. इस दुखद खबर के बाद परिजनों का बुरा हाल है.


दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासियों और मृतक के परिजनों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया. 


प्रदर्शनकारियों ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग को लेकर नारेबाजी की. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बांकीमोगरा थाना प्रभारी चमन लाल सिन्हा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे.


पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को शांत कराने का प्रयास किया और शासन की ओर से दी जाने वाली त्वरित सहायता राशि प्रदान की. प्रशासन द्वारा मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कानूनी कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया और यातायात बहाल हो सका. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर संबंधित वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP