छत्तीसगढ़ के खल्लारी मंदिर में रोपवे टूटा, 1 की मौत,4 घायल
छत्तीसगढ़ के खल्लारी मंदिर में रोपवे टूटा, पांच घायल
महासमुंद | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के खल्लारी मंदिर में रोपवे का केबल टूटने से ट्रॉली गिर गई, जिसमें सवार एक युवती की मौत हो गई, जबकि 4 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए. रविवार सुबह चैत्र नवरात्र के चौथे दिन करीब साढ़े दस बजे यह हादसा हुआ, जब दर्शन कर लौट रहे लोग ट्रॉली में सवार थे और अचानक केबल टूटने से ट्रॉली करीब 20 फीट नीचे पहाड़ी की चट्टान से टकरा गई.
महासमुंद से लगभग 25 किलोमीटर दूर खल्लारी गांव की पहाड़ी पर स्थित खल्लारी माता मंदिर में हर साल क्वांर और चैत्र नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. यहां तक पहुंचने के लिए करीब 800 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं, इसलिए रोपवे की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है. हर वर्ष चैत्र पूर्णिमा पर यहां बड़ा मेला भी लगता है, जिससे इन दिनों मंदिर परिसर में भारी भीड़ रहती है.
रविवार को हुए हादसे में घायल सभी लोगों को गंभीर चोट आई है, जिनमें बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं. सभी को तत्काल बागबाहरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां एक महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, केबल टूटते ही ट्रॉली असंतुलित हो गई और नीचे गिरते ही जोरदार झटका लगा, जिससे अंदर बैठे लोग बुरी तरह घायल हो गए.
घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और वहां मौजूद श्रद्धालुओं में डर फैल गया. स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा घायलों को निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया.
नवरात्र के चलते मंदिर में पहले से ही भारी भीड़ मौजूद थी, ऐसे में इस हादसे ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि रोपवे के रखरखाव में लापरवाही बरती गई, यदि समय पर जांच और मरम्मत होती तो इस दुर्घटना से बचा जा सकता था.
*काल्पनिक तस्वीर