दुष्कर्म पीड़िता को ब्लैकमेल करने वाला गिरफ्तार
रायपुर । संवाददाता: रायपुर पुलिस ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवती से दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी चन्द्रमा प्रसाद मिश्रा (55 वर्ष) के खिलाफ थाना डीडी नगर में धारा 64(2), 296, 351(3), और 115(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है.
कांकेर की रहने वाली पीड़िता ने 13 जुलाई को शिकायत दर्ज की कि फेसबुक के जरिये उसकी मुलाकात चन्द्रमा प्रसाद मिश्रा से हुई, जिसने खुद को पुलिस कर्मचारी बताया. उसने नौकरी दिलाने का वादा कर 3 अक्टूबर 2024 को पीड़िता को कांकेर से रायपुर बुलाया.
रायपुर बस स्टैंड से उसे गाड़ी में बिठाकर इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के एक खाली मकान में ले गया. वहां जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर देने के बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिया.
होश में आने पर आरोपी ने पीड़िता को बस स्टैंड छोड़ दिया. बाद में उसने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता को बार-बार रायपुर बुलाया और अलग-अलग जगहों पर ले जाकर कई बार दुष्कर्म किया. डर के कारण पीड़िता उसकी बात मानती रही.
डीडी नगर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए आरोपी चन्द्रमा प्रसाद मिश्रा को गिरफ्तार किया. पूछताछ में उसने अपराध कबूल किया. आरोपी इंद्रप्रस्थ कॉलोनी, रायपुरा का निवासी है. पुलिस ने उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की है.