छत्तीसगढ़: ED, EOW और ACB की संयुक्त स्ट्राइक: 6 शहरों में डेढ़ दर्जन से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी
छत्तीसगढ़ में चर्चित शराब, कोल लेवी और डीएमएफ मामलों की जांच कर रहीं एजेंसियों ने शुक्रवार को प्रदेश के कई शहरों में एक साथ दबिश दी. कारोबारियों, ट्रांसपोर्टरों और जनप्रतिनिधियों के ठिकानों पर हुई इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है.
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में चर्चित शराब घोटाला, कोल लेवी और डीएमएफ (DMF) मामलों को लेकर केंद्रीय व राज्य की जांच एजेंसियों ने अपनी कार्रवाई बेहद तेज कर दी है. शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED), आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीमों ने एक साथ प्रदेश के छह प्रमुख शहरों—रायपुर, दुर्ग-भिलाई, बिलासपुर, राजनांदगांव, राजिम और कोरबा में छापेमारी की.
डेढ़ दर्जन से भी अधिक ठिकानों पर हुई इस अचानक कार्रवाई से भारी खलबली मच गई.
राजधानी रायपुर में सुबह-सुबह ED की टीमों ने 3 से 4 स्थानों पर अपनी जांच की कमान संभाली. इस दौरान शराब घोटाले के आरोपी अनवर ढेबर के निवास पर अधिकारियों ने दबिश दी और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए. वहीं, वीआईपी स्टेट में रियल एस्टेट कारोबारी सुदर्शन शर्मा के ठिकाने पर ACB-EOW की संयुक्त टीम ने दस्तावेजों की गहन जांच-पड़ताल की.
दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई स्थित वसुंधरा नगर में 'साईं ऑयल करियर' और 'रवि रोडलाइन्स' के संचालक व ट्रांसपोर्टर जितेंद्र कुमार सिंह के घर सुबह 8 बजे ACB/EOW की टीम जांच के लिए पहुंची. इस कार्रवाई को कोल लेवी और शराब घोटाले से जोड़कर देखा जा रहा है.
दूसरी ओर, न्यायधानी बिलासपुर के उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू में कोयला कारोबारी शाहबाज खान के निवास पर पहुंची टीम ने घंटों तक दस्तावेजों की छानबीन की.
राजनांदगांव और राजिम में भी एजेंसियों का शिकंजा कसा रहा. राजनांदगांव के सनसिटी में व्यवसाई वैभव गोलछा और लालबाग क्षेत्र में कारोबारी जय बग्गा के घर पर EOW ने पड़ताल की.
राजिम के गोबरा नवापारा में EOW और ACB की संयुक्त टीम ने नवकार ज्वैलर्स तथा शांति विजय स्टोर्स सहित कपड़ा व सोना-चांदी के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर जांच चलाई.
कोरबा जिले के कटघोरा में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान हुए DMF घोटाले की जांच के सिलसिले में EOW ने नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल के निवास और नगर सैनिक दिलीप केंवट के ठिकाने पर एक साथ दबिश दी.
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी जांच एजेंसियों ने रायपुर के पंडरी स्थित रवि नगर में नितिन डागा के 'सुशील विला' और दुर्ग के ऋषभ ग्रीन सिटी में ट्रांसपोर्ट व रियल एस्टेट कारोबारी गुलशन बघेल के ठिकानों पर छापेमारी की थी.
शुक्रवार को हुई इस व्यापक कार्रवाई में एजेंसियों को क्या साक्ष्य या दस्तावेज हासिल हुए हैं, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है. आधिकारिक विवरण जारी होने के उपरांत ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.