जशपुर: नशे में धुत पति ने पत्नी की हत्या की
जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के उबका तेंदूपारा गांव में घरेलू कलह के चलते एक व्यक्ति ने नशे की हालत में अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुये आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
जानकारी के अनुसार, मृतका पूजा केरकेट्टा का जॉन केरकेट्टा (39) के साथ 20 साल पहले प्रेम विवाह हुआ था. दोनों के दो बच्चे भी हैं और वे लंबे समय से एक साथ रह रहे थे.
घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतका का बेटा 1 जुलाई को अपने नाना सावन विश्वकर्मा (60) के पास पहुंचा और बताया कि उसके माता-पिता के बीच झगड़ा हुआ था. पिता जॉन ने मां पूजा के सिर पर डंडे से वार किया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई.
सावन जब अपनी बेटी के घर पहुंचे, तो उन्होंने पूजा को मृत पाया, उनके सिर से खून रिस रहा था.
बगीचा थाना पुलिस ने तुरंत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की. शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया और आरोपी जॉन केरकेट्टा को उबका तेंदूपारा के जंगल से हिरासत में लिया गया.
पूछताछ में जॉन ने अपना गुनाह कबूल किया. उसने बताया कि 30 जून को जब वह घर आया, तो उसकी पत्नी नशे में थी. उसने बिना बताये जॉन के रखे 1000 रुपये में से 500 रुपये खर्च कर दिए थे.
इस बात पर दोनों में तीखी नोकझोंक हुई. जॉन के अनुसार, पूजा ने उस पर डंडे से हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद उसने डंडा छीनकर पूजा के सिर पर प्रहार किया और गुस्से में आकर उसका गला दबाकर हत्या कर दी.
पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई जारी है.