जशपुर: पिता ने पुत्री की कुल्हाड़ी से हत्या की
जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में गृह निर्माण को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद एक बेटी की मौत का कारण बन गया. जिले के नारायणपुर थाना अंतर्गत ग्राम जामटोली में एक पिता ने अपनी ही 23 वर्षीय बेटी की कुल्हाड़ी मारकर निर्मम हत्या कर दी. मृतिका बिंदिया लकड़ा आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में कार्यरत थी और अपने घर के पास ही एक नए मकान का निर्माण करवा रही थी.
मिली जानकारी के अनुसार बिंदिया ने मकान की नींव खुदवा ली थी और निर्माण सामग्री का इंतजाम कर रही थी. इसी दौरान उसके पिता लौरेस लकड़ा (47) ने घर पहुँचकर उस पर निर्माण कार्य के लिए जल्द ईंट-गिट्टी मंगवाने या पैसे देने का दबाव बनाना शुरू किया. देखते ही देखते दोनों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि आवेश में आकर लौरेस ने घर में रखी कुल्हाड़ी के पिछले हिस्से से अपनी बेटी के सिर पर जोरदार वार कर दिया. प्रहार इतना घातक था कि बिंदिया ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
घटना के समय घर पर मौजूद मृतिका की छोटी बहन अनुषा लकड़ा ने इस क्रूरता की जानकारी तत्काल नारायणपुर पुलिस को दी. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया. शव के पोस्टमार्टम में भी सिर पर लगी गंभीर चोट को ही मौत की मुख्य वजह बताया गया है.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त टांगी (कुल्हाड़ी) को भी बरामद कर लिया है. आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.