रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

बेकाबू हाईवा ने सड़क पर बैठे 12 मवेशियों को रौंदा

C

CG Khabar

27 मार्च 2026, 02:41 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

ड्राइवर
ड्राइवर

जांजगीर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में मुलमुला थाना क्षेत्र के रेमंड मोड़ चौक के पास बुधवार रात एक तेज रफ्तार हाईवा ने सड़क पर बैठे मवेशियों को बेरहमी से कुचल दिया. इस दर्दनाक घटना में कुल 12 गोवंशों की जान चली गई. 


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खाली हाईवा संख्या (CG-12-BG-8320) काफी तेज गति में परसदा की ओर जा रहा था. नशे में धुत चालक नरोत्तम यादव ने सड़क पर बैठे जानवरों पर वाहन चढ़ा दिया, जिससे 10 मवेशियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य की मौत उपचार और वाहन के नीचे दबे होने के कारण बाद में हुई.

विज्ञापन


हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर ने मौके से फरार होने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया. 


पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर वाहन को जब्त कर लिया है. गुरुवार सुबह सभी मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम करने के पश्चात उनका अंतिम संस्कार किया गया. यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब बिलासपुर हाईकोर्ट सड़कों पर आवारा पशुओं के जमावड़े को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है.


गौरतलब है कि मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति रवींद्र कुमार अग्रवाल की खंडपीठ इस मुद्दे पर लगातार जनहित याचिकाओं के माध्यम से सुनवाई कर रही है. अदालत ने स्पष्ट रूप से राज्य सरकार और जिला प्रशासनों को सड़कों से मवेशियों को हटाने और उनकी निगरानी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि हादसों को रोका जा सके. बावजूद इसके, जमीनी स्तर पर प्रशासनिक ढिलाई के कारण मवेशी सड़कों पर बैठने को मजबूर हैं, जो अब जानलेवा साबित हो रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP