रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

कॉमनवेल्थ गेम्स में छत्तीसगढ़ की ज्ञानेश्वरी यादव को मिली जगह

C

CG Khabar

13 जुल. 2026, 02:05 AM 3 मिनट में पढ़ें 2

 ज्ञानेश्वरी यादव
ज्ञानेश्वरी यादव

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की होनहार वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन किया है. इंडियन वेटलिफ्टिंग फेडरेशन (IWLF) ने ग्लास्गो में होने वाले 2026 राष्ट्रमंडल खेलों के लिए 11 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है, जिसमें 53 किलोग्राम भारवर्ग में ज्ञानेश्वरी यादव को जगह मिली है. फिलहाल, ज्ञानेश्वरी टीम के साथ बर्मिंघम में चल रहे एक्यूमलाइज़ेशन कैंप में हिस्सा ले रही हैं.


आईडब्ल्यूएलएफ द्वारा घोषित यह भारतीय टीम 28 जून से ही ब्रिटेन में प्रशिक्षण ले रही है, जो 22 जुलाई तक जारी रहेगा. इसके बाद खिलाड़ी 23 जुलाई से 3 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले मुख्य खेलों में अपनी चुनौती पेश करेंगे.

विज्ञापन


इस 11 सदस्यीय दल में पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानु भी शामिल हैं, जो महिलाओं के 48 किलोग्राम भारवर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी. खास बात यह है कि दोनों ही वेटलिफ्टर पुलिस बल का हिस्सा हैं. जहां मीराबाई चानु मणिपुर पुलिस में एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (ASP) के पद पर तैनात हैं, वहीं ज्ञानेश्वरी यादव छत्तीसगढ़ पुलिस में असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) के रूप में कार्यरत हैं.


ज्ञानेश्वरी यादव का हालिया प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है. उन्होंने गांधीनगर में आयोजित 2026 एशियन वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में कमाल का प्रदर्शन करते हुए स्नैच इवेंट में सिल्वर मेडल और ओवरऑल टोटल में ब्रॉन्ज मेडल जीता था. 


पहली बार शामिल की गई महिलाओं की 53 किलोग्राम कैटेगरी में प्रतिस्पर्धा करते हुए ज्ञानेश्वरी ने स्नैच में 88 किलोग्राम वजन उठाकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया और सिल्वर पर कब्जा किया. उन्होंने कुल 194 किलोग्राम का वजन उठाकर ओवरऑल स्टैंडिंग्स में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था.


इससे पहले, 2024 में मनामा (बहरीन) में हुई आईडब्ल्यूएफ वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में उन्होंने 49 किलोग्राम वर्ग में देश का प्रतिनिधित्व किया था और पांचवां स्थान हासिल किया था.


ज्ञानेश्वरी ने 2023 में ग्रेटर नोएडा में आयोजित कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में जूनियर और सीनियर दोनों श्रेणियों में गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था, जहां उन्हें टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ जूनियर लिफ्टर भी चुना गया था. 


इसी साल उन्होंने ग्रेटर नोएडा में ही आयोजित जूनियर एशियन वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीता और 2023 आईडब्ल्यूएफ वर्ल्ड यूथ एंड जूनियर वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भी कई पदक अपने नाम कर भारत की सबसे होनहार युवा वेटलिफ्टर्स में जगह बनाई.


घोषित भारतीय टीम इस प्रकार है:


महिला टीम: मीराबाई चानु (48 किग्रा), ज्ञानेश्वरी यादव (53 किग्रा), बिंद्यारानी देवी (58 किग्रा), हरजिंदर कौर (69 किग्रा), संजना (77 किग्रा), मार्टिना देवी (+86 किग्रा).


पुरुष टीम: ऋषिकांत सिंह (60 किग्रा), एम राजा (65 किग्रा), अजय बाबू (79 किग्रा), दिलबाग सिंह (94 किग्रा), लवप्रीत सिंह (+110 किग्रा).

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP