IIM रायपुर से फ्री MBA और ₹50,000 स्टाइपेंड पाने का सुनहरा अवसर
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए उच्च शिक्षा और लोक प्रशासन के क्षेत्र में करियर बनाने का एक स्वर्णिम अवसर सामने आया है. भारतीय प्रबंध संस्थान (IIM) रायपुर ने छत्तीसगढ़ सरकार के सहयोग से 'मुख्यमंत्री सुशासन फेलोशिप' (CMGGF) के तहत एक विशेष दो-वर्षीय MBA (पब्लिक पॉलिसी और गवर्नेंस) प्रोग्राम की घोषणा की है. इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि चयनित उम्मीदवारों की पूरी ट्यूशन फीस राज्य सरकार द्वारा वहन की जाएगी.
इसके अतिरिक्त, छात्रों को उनके दो साल के अध्ययन के दौरान प्रति माह 50,000 रुपये का आकर्षक स्टाइपेंड भी दिया जाएगा, ताकि आर्थिक बाधाओं के बिना प्रदेश के प्रतिभाशाली युवा सार्वजनिक नेतृत्व के लिए तैयार हो सकें.
प्रोफेसर गोपाल कुमार और प्रोफेसर शबना पी. के निर्देशन में चलने वाले इस कोर्स को इस तरह डिजाइन किया गया है कि छात्रों को न केवल IIM रायपुर में सैद्धांतिक ज्ञान मिले, बल्कि छत्तीसगढ़ सरकार के साथ जमीनी स्तर पर काम करने का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त हो.
इस पहल का मुख्य उद्देश्य आधुनिक शासन व्यवस्था की जटिलताओं को समझने वाले कुशल और विश्लेषणात्मक लीडर्स तैयार करना है.
इस फेलोशिप के लिए पात्रता मानदंड भी निर्धारित किए गए हैं. आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना अनिवार्य है.
इसके अलावा, आवेदक के पास वर्ष 2023, 2024 या 2025 का वैध CAT स्कोरकार्ड होना चाहिए. शैक्षणिक योग्यता के तौर पर स्नातक स्तर पर कम से कम 60% अंक (आरक्षित वर्गों के लिए 55%) होना आवश्यक है.
राज्य की आरक्षण नीति के अनुसार सीटें आरक्षित रहेंगी. इच्छुक उम्मीदवार 31 मार्च, 2026 तक IIM रायपुर की आधिकारिक वेबसाइट http://iimraipur.ac.in/mba-ppg/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.