छत्तीसगढ़: बस पलटने से महिला शिक्षिका की मौत, 20 से अधिक यात्री घायल
सुकमा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में सोमवार सुबह यात्रियों से भरी एक निजी बस अनियंत्रित होकर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर पलट गई. इस दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना तड़के सुबह उस वक्त हुई जब बस राज्य की राजधानी रायपुर से सुकमा की ओर जा रही थी. बस्तर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हाईवे पर ड्राइवर को अचानक झपकी आ गई, जिसके कारण वह वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क पर पलट गई.
दुर्घटना के समय बस में करीब 35 से अधिक यात्री सवार थे और उनमें से अधिकांश सो रहे थे.
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे.
उन्होंने बस के अंदर फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला. इस हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान कवर्धा निवासी पदमनी चंद्रवंशी के रूप में हुई है, जो सुकमा जिले के दोरनापाल क्षेत्र में शिक्षिका के पद पर तैनात थीं.
सभी घायल यात्रियों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है.