दुर्ग में छात्रसंघ चुनाव की बहाली के लिए NSUI का हल्लाबोल
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में छात्रसंघ चुनावों को फिर से शुरू कराने की मांग अब तेज होने लगी है. इसी कड़ी में सोमवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ने दुर्ग स्थित हेमचंद यादव विश्वविद्यालय में जमकर प्रदर्शन किया.
बड़ी संख्या में जुटे छात्र कार्यकर्ताओं ने यूनिवर्सिटी के मुख्य द्वार पर घेराव कर प्रदेश सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. पुलिस बल द्वारा रोके जाने पर प्रदर्शनकारी गेट के सामने ही धरने पर बैठ गए.
संगठन के नेताओं का आरोप है कि बीते कई वर्षों से छात्र राजनीति पर अघोषित रोक लगाकर युवाओं की आवाज को दबाया जा रहा है.
एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष गुरलीन सिंह ने कहा कि छात्रसंघों के अभाव में निजी कॉलेज मनमानी फीस वसूल रहे हैं और बीएड कॉलेजों में भी अनियमितताओं की शिकायतें बढ़ रही हैं, लेकिन छात्रों की सुनने वाला कोई नहीं है.
वहीं, प्रदेश उपाध्यक्ष सोनू साहू ने चेतावनी दी कि यदि छात्र हितों की अनदेखी बंद नहीं हुई, तो यह आंदोलन और उग्र रूप लेगा.
प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधियों ने कुलसचिव भूपेंद्र कुलदीप को ज्ञापन सौंपकर जल्द चुनाव कराने की मांग की.
एनएसयूआई ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पिछली सरकार द्वारा जारी चुनावी नोटिफिकेशन को वर्तमान सरकार ने रद्द कर दिया है, जो छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है.
कार्यकर्ताओं ने अल्टीमेटम दिया है कि यदि सात दिनों के भीतर उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र प्रदर्शन करेंगे. गौरतलब है कि यह विरोध प्रदर्शन केवल दुर्ग तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों में एक साथ आयोजित कर शक्ति प्रदर्शन किया गया.