शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

दुर्ग: नौकरी का झांसा देकर 8 साल तक किया गैंगरेप

C

CG Khabar

02 फ़र. 2026, 09:37 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

गैंगरेप
गैंगरेप

दुर्ग । संवाददाता: छतीसगढ़ के दुर्ग जिले में लोक निर्माण विभाग में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक नाबालिग लड़की से 8 साल तक सामूहिक दुष्कर्म किया गया. इस मामले में पुलिस ने अब तक एक सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य रसूखदार आरोपी फिलहाल फरार हैं.


पीड़िता ने 30 जनवरी को दुर्ग महिला थाने में अपनी माँ के साथ पहुँचकर आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की. रिपोर्ट के मुताबिक, शोषण का यह सिलसिला अप्रैल 2018 में शुरू हुआ था, जब पीड़िता की उम्र महज 14 साल थी, और यह प्रताड़ना अक्टूबर 2025 तक चलती रही. 


आरोपियों ने पीड़िता की मजबूरी का फायदा उठाते हुए उसे नौकरी का लालच दिया और कई बार अकेले व सामूहिक रूप से उसे अपनी हवस का शिकार बनाया. 


दुर्ग पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1), 70(2) और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. अब तक गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान भिलाई निवासी विजय स्वैन, अनिल चौधरी और राजनांदगांव के रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी गोविंद सिंह नागवंशी के रूप में हुई है.


पुलिस महानिरीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मणिशंकर चंद्रा ने पुष्टि की है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं. सूत्रों के अनुसार, फरार संदिग्धों में कुछ प्रभावशाली व्यक्ति शामिल हैं, जिनके राजनीतिक संबंध होने की चर्चा है, जिससे मामले की संवेदनशीलता और बढ़ गई है.


(Symbolic Photo)

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP