शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: दुर्ग में सरेआम बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या

C

CG Khabar

07 जन. 2026, 09:24 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

लाश
लाश

दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के भिलाई (दुर्ग) में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है. वहां महज एक मामूली विवाद में एक बुजुर्ग की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. 


घटना बुधवार को लिंक रोड कैंप-2 के पास हुई, जब 66 वर्षीय विक्रम राय अपने मित्र सुनील राय के साथ पावर हाउस मार्केट जा रहे थे. रास्ते में उन्होंने एक युवक, सुकांत उर्फ चिरगन सोनकर, को लापरवाही से बाइक चलाने पर टोका और सुरक्षित वाहन चलाने की सलाह दी. 

विज्ञापन


बुजुर्ग की यह नेक सलाह आरोपी को इतनी नागवार गुजरी कि उसने बीच सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया.


आरोपी सुकांत ने पहले बुजुर्ग के साथ गाली-गलौज की और फिर उन पर ताबड़तोड़ घूंसे बरसाने शुरू कर दिए. बीच-बचाव करने आए बुजुर्ग के दोस्त सुनील को भी आरोपी ने पीटा. 


इतना ही नहीं, सुकांत ने अपने अन्य दोस्तों को भी मौके पर बुला लिया और सभी ने मिलकर बुजुर्ग की बुरी तरह पिटाई की. 


गंभीर चोटों के कारण विक्रम राय सड़क पर ही गिर गए और अस्पताल पहुँचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया. 


परिजनों के अनुसार, विक्रम हाल ही में कैंसर की सर्जरी के बाद स्वस्थ हुए थे. पुलिस ने मुख्य आरोपी सुकांत को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP