छत्तीसगढ़ के जशपुर में डायरिया का प्रकोप
जशपुरनगर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के मुख्यालय जशपुरनगर में शनिवार रात अचानक डायरिया के मामलों में तेजी से इजाफा हो गया, जिससे स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया. शहर के विभिन्न हिस्सों से सैकड़ों लोग उल्टी-दस्त, बुखार और पेट दर्द जैसी शिकायतों के साथ जिला अस्पताल पहुंचे.
जिला अस्पताल सूत्रों के अनुसार, रात में ही 100 से अधिक मरीज इलाज के लिए आए, जिनमें से कई को गंभीर स्थिति में भर्ती करना पड़ा.
इसके अलावा रायगढ़ रोड स्थित एक निजी क्लीनिक और अस्पताल में भी लगभग 100 से ज्यादा लोग इसी तरह की समस्याओं लेकर पहुंचे.
कई लोग खुद दवा दुकानों पर जाकर इलेक्ट्रॉल घोल और दस्तरोधी दवाएं खरीदकर घर पर ही प्राथमिक उपचार कर रहे थे. दवा विक्रेताओं ने बताया कि पिछले दो दिनों से उल्टी-दस्त की दवाओं की मांग अचानक बहुत बढ़ गई है, और कुछ मामलों में मरीजों को अस्पताल में भर्ती होने की नौबत भी आई.
ज्यादातर मरीजों को प्रारंभिक उपचार देकर घर भेज दिया गया है, लेकिन अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है.
डॉक्टरों की प्रारंभिक जांच में संदेह जताया जा रहा है कि यह सभी लोग शहर में आयोजित एक सामूहिक भोज या भोजन में शामिल हुए थे. संभवतः किसी मिलावटी या खराब भोजन पदार्थ के सेवन से फूड पॉइजनिंग हुई है, जिसके कारण यह सामूहिक रूप से लोगों को प्रभावित कर रहा है.