शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ के धमतरी में DRG पर भालुओं का हमला

C

CG Khabar

23 जुल. 2025, 05:31 PM 1 मिनट में पढ़ें 1

भालू
भालू

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नक्सल प्रभावित खल्लारी क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन पर निकले सुरक्षाकर्मियों पर चार भालुओं ने हमला कर दिया. इस हमले में एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया.


घटना मुनहकोट और फरसगांव के घने जंगलों में उस समय हुई, जब डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की संयुक्त टीम नक्सलियों की तलाश में जुटी थी. 


अधिकारियों के अनुसार, जंगल में अचानक भालुओं के झुंड ने जवानों पर हमला बोल दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई. इस हमले में गरियाबंद DRG के जवान टीकाराम ध्रुव (37) गंभीर रूप से घायल हो गये हैं.


घायल जवान को तुरंत उनके साथियों ने सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. नागरी सिविल अस्पताल के डॉ. डी.एन. सोम ने बताया, "जवान के हाथ की हड्डियां टूट गई हैं, और उनके दायें व बायें पैर में भी गंभीर चोटें आई हैं. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गरियाबंद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है."


यह घटना नक्सल ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाकर्मियों के सामने आने वाली दोहरी चुनौतियों को उजागर करती है. नक्सलियों और बारूदी सुरंगों के खतरे के बीच अब जंगली जानवरों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है. घायल जवान का इलाज गरियाबंद जिला अस्पताल में जारी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP