छत्तीसगढ़ में मृत उप अभियंता का ट्रांसफर !
रायपुर । संवाददाता: नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की एक ऐसी गलती सामने आई है, जिसने पूरे सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिए हैं. विभाग ने एक ऐसे उप अभियंता का तबादला आदेश जारी कर दिया, जिनका निधन दो महीने पहले ही हो चुका था.
यह मामला बालोद जिले के दल्लीराजहरा नगर पालिका से जुड़ा है, जहां उप अभियंता के पद पर कार्यरत योगानंद सोम का दो महीने पहले देहांत हो गया था.
आश्चर्यजनक रूप से, विभाग ने उनके रिकॉर्ड्स को अपडेट करने में लापरवाही बरती और मृतक अधिकारी को जीवित मानते हुए उनका तबादला तुमगांव नगर पंचायत में कर दिया.
जब इस गलती की जांच हुई, तब जाकर इस बड़े प्रशासनिक भूल का खुलासा हुआ.
इस घटना ने न केवल विभाग की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा किया, बल्कि रिकॉर्ड रखरखाव और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में गंभीर खामियों को भी उजागर कर दिया.
लापरवाही सामने आने के बाद विभाग ने जल्दबाजी में तबादला आदेश को संशोधित किया, लेकिन यह घटना प्रशासनिक तंत्र की उदासीनता और लापरवाह रवैये को दर्शाने के लिए काफी थी.
इस मामले ने स्थानीय स्तर पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां लोग इस तरह की चूक पर हैरानी जता रहे हैं.