शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

Iran-Israel war: छत्तीसगढ़ की बेटी-दामाद-बच्चे फंसे

छत्तीसगढ़ की बेटी-दामाद-बच्चे ईरान में फंसे

C

CG Khabar

20 जून 2025, 03:13 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

Iran-Israel war: छत्तीसगढ़ की बेटी-दामाद-बच्चे फंसे

रायपुर । संवाददाता: ईरान और इजराइल के बीच जारी तनाव के बीच छत्तीसगढ़ के रायपुर की एक बेटी, उसके पति और दो नन्हें बच्चे ईरान के कोम शहर में फंसे हुये हैं. परिवार के सदस्यों ने राज्य और केंद्र सरकार से उनकी सुरक्षित वापसी के लिए मदद की गुहार लगाई है.


टीवी पर युद्ध के समाचार देख-देखकर काासिम रजा और उसकी पत्नी शाहीन बेहद परेशान तथा चिन्तित हैं. रायपुर सेंट्रल जेल में एंबुलेंस चालक कासिम रजा की बेटी ईरान में अपने परिवार के साथ रहती हैं.


रायपुर सेंट्रल जेल में एंबुलेंस चालक कासिम रजा और उनकी पत्नी शाहीन ने बताया कि उनकी बेटी ऐमन रजा (27) से आखिरी बार 18 जून की शाम को फोन पर बात हुई थी. उस समय ऐमन की आवाज में डर साफ झलक रहा था. बेटी ने बताया कि बिजली और इंटरनेट बंद होने के कारण संचार व्यवस्था ठप पड़ गई है. उसके बाद से उनका कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है.


ऐमन ने फोन पर अपनी मां को बताया था कि 24 घंटे से विमानों की आवाजें और मिसाइल हमले जारी हैं. कोम शहर में कई छात्र घायल हो चुके हैं, जिन्हें अन्य शहरों से लाया जा रहा है. ऐमन का पति एजाज जैदी जो दमोह, मध्य प्रदेश के निवासी हैं, वहां इस्लामिक स्टडीज की पढ़ाई कर रहे हैं. उनके दो बच्चे मुम्मतजीर (5) और मुर्तजा (3) भी उनके साथ हैं.


कासिम रजा ने बताया कि उनकी बेटी हाई बीपी और थायराइड की मरीज है, उसे अक्सर ऑक्सीजन सपोर्ट की जरूरत पड़ती है. युद्ध की स्थिति और दवाओं की कमी से उसकी हालत और बिगड़ने का डर है. परिवार ने भारतीय दूतावास से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला है.


कासिम और शाहीन ने कहा, "हमारी बेटी ने आखिरी बार कहा था कि वे सुरक्षित निकलने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब कोई खबर नहीं है. हम प्रशासन से अनुरोध करते हैं कि वे हमारे परिवार को सुरक्षित वापस लाने में मदद करें."

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP