शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: बढ़ती चीनी की कीमतों को लेकर कांग्रेस का ‘चीनी सत्याग्रह’

C

CG Khabar

04 सित. 2026, 03:04 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

दीपक बैज
दीपक बैज

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में चीनी की बढ़ती कीमतों और लगातार बढ़ती महंगाई के मुद्दे पर प्रदेश कांग्रेस ने शुक्रवार को राज्यव्यापी ‘चीनी सत्याग्रह’ आंदोलन चलाया. इस विरोध प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर महंगाई पर अंकुश लगाने में विफल रहने का आरोप लगाया है.


यह प्रदर्शन प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में आयोजित किया गया. पार्टी के संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने बताया कि राजधानी रायपुर में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में राजीव चौक पर बड़ा प्रदर्शन किया गया.

विज्ञापन


प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्र सरकार की नीतियों और उच्च कर दरों को महंगाई का मुख्य कारण ठहराया. उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम लोगों और मध्यम वर्गीय परिवारों का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है.


दीपक बैज ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकानों से चीनी गायब है. गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को त्योहारों के मौसम में खुले बाजार से 60 से 70 रुपये प्रति किलो की दर पर चीनी खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है. 


उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बस्तर और सरगुजा जैसे दूरस्थ इलाकों में पिछले कई महीनों से चना और गुड़ भी राशन दुकानों पर उपलब्ध नहीं है, जिसका सीधा फायदा मुनाफाखोर और जमाखोर उठा रहे हैं.


कांग्रेस नेतृत्व ने सरकार से मांग की है कि सभी राशन दुकानों में चीनी की आपूर्ति तुरंत बहाल की जाए. पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं निकाला गया, तो सड़क से लेकर विधानसभा तक आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP