सुकमा के CMHO पर यौन उत्पीड़न का आरोप
सुकमा के CMHO पर आया के यौन उत्पीड़न का आरोप
सुकमा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में स्वास्थ्य विभाग में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) आरके सिंह पर एक महिला आया ने यौन शोषण और छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगाए हैं.
पीड़िता की शिकायत पर कलेक्टर ने फौरन जांच समिति का गठन कर दिया है, और विभाग में खलबली मच गई है.
पीड़िता, जो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किस्टाराम में तैनात एक चतुर्थ श्रेणी की कर्मचारी हैं, ने बताया कि 21 अगस्त को अचानक उनका स्थानांतरण सीएमएचओ कार्यालय में कर दिया गया. यहां आने के बाद उन्हें ऑफिस के काम के बजाय सीएमएचओ के निजी आवास पर खाना पकाने का जिम्मा सौंप दिया गया.
शिकायतकर्ता के अनुसार, रसोई में अकेले रहते हुए आरोपी उन्हें शारीरिक रूप से छूने, गले लगाने और असहज करने वाली दोहरी अर्थ वाली टिप्पणियां करने लगे. जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो पद की धमकी देकर दबाव बनाया गया.
इस घटना ने स्वास्थ्य विभाग को झकझोर दिया है, खासकर तब जब पीड़िता का कलेक्टर सुकमा देवेश ध्रुव को सौंपा गया लिखित ज्ञापन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. ज्ञापन में विस्तार से वर्णित इन आपत्तिजनक व्यवहारों ने न केवल स्थानीय स्तर पर बहस छेड़ दी है, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल भी खड़े कर दिए हैं.
कलेक्टर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक स्वतंत्र जांच टीम का ऐलान किया, जो पीड़िता का बयान रिकॉर्ड करने और तथ्यों की पड़ताल के लिए सक्रिय हो चुकी है.
स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों का कहना है कि यह मामला और गहरा सकता है, क्योंकि पीड़िता ने कई घटनाओं का जिक्र किया है. फिलहाल, सीएमएचओ की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.