बीजापुर ब्लास्ट: सीएम-डिप्टी सीएम ने शोक व्यक्त किया
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के जवान दिनेश नाग शहीद हो गए है. इसके अलावा तीन अन्य जवान घायल हो गए. घायल जवानों की स्थिति स्थिर है और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद आगे के इलाज के लिए निकाला जा रहा है.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा, "शहीद जवान दिनेश नाग को नमन करता हूँ. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दे. घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ."
उन्होंने नक्सलियों की कायराना हरकत की निंदा करते हुए कहा, "नक्सल उन्मूलन अभियान से नक्सली हताश हैं और ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. जवान दिनेश नाग की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी. नक्सलवाद का खात्मा हमारा दृढ़ संकल्प है."
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी शोक व्यक्त करते हुये कहा, "घायल जवानों की स्थिति अब खतरे से बाहर है. राज्य सरकार शहीद जवान के परिवार और घायलों के साथ मजबूती से खड़ी है."
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी है और नक्सलियों के साथ मुठभेड़ की संभावना है.
बस्तर के आईजी पी. सुंदरराज ने बताया कि डीआरजी की टीम नक्सल विरोधी अभियान पर थी जब यह घटना सुबह हुई. घायल जवानों को प्राथमिक उपचार दिया गया है.