छत्तीसगढ़ में होली के दिन नमाज़ का वक़्त वक़्फ़ बोर्ड ने बदला
रायपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार ने होली के दिन मस्ज़िदों में नमाज़ पढ़ने का समय बदलने का आदेश दिया है. जुमे की नमाज को लेकर राज्य वक़्फ़ बोर्ड ने राज्य की सभी मस्ज़िदों को निर्देश दिया है कि वे दोपहर 2 से 3 के बीच नमाज़ पढ़ें. इससे पहले मस्ज़िदों में दोपहर 1 से 2 के बीच नमाज़ अदा की जाती थी.
छत्तीसगढ़ वक़्फ़ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज ने कहा कि हमने मस्ज़िदों के सभी मुतवल्ली को निर्देश दिया है कि वे होली के दिन दोपहर 2 से 3 बजे के वक़्त नमाज़ का समय तय करें.
सलीम राज ने कहा कि होली के दिन आम तौर पर सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक त्यौहार का पिक रहता है. ऐसे में किसी शरारती तत्व ने किसी पर रंग डाल दिया तो अनावश्यक रुप से तनाव पैदा हो सकता है, दंगे हो सकते हैं, बेगुनाह लोग मारे जा सकते हैं, उसको देखते हुए यह आदेश जारी किया गया है.
उन्होंने कहा कि नमाज़ का समय बदल देने से कोई फ़र्क नहीं पड़ता. दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक नमाज अदा की जा सकती है.
सलीम राज ने कहा कि भारत में गंगा-जमुनी तहज़ीब रही है. ऐसे में हम सबको एक दूसरे के त्यौहारों का सम्मान करना ही चाहिए.
उन्होंने साफ़ किया कि जो मस्ज़िद सरकार के इस फ़ैसले का पालन नहीं करेंगे, उनके ख़िलाफ़ शांति भंग करने और दंगा फ़ैलाने का जुर्म दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी.
इधर वक़्फ़ बोर्ड के इस फ़ैसले को कांग्रेस पार्टी ने राजनीतिक फ़ैसला कहा है. कांग्रेस पार्टी के मीडिया प्रभारी सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि वक़्फ़ बोर्ड का यह काम ही नहीं है. यह काम तो धर्मगुरुओं का है.
उन्होंने कहा कि अगर वक़्फ़ बोर्ड को यह फ़ैसला करना भी था तो पहले समाज की बैठक बुलानी चाहिए थी. लेकिन ऐसा न करके उसने अपने फ़ैसले को लोगों पर थोप दिया है.
सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हमेशा से सौहार्द्र का वातावरण रहा है. लेकिन भारतीय जनता पार्टी के लोग इसे बिगाड़ने में जुटे रहते हैं. ताज़ा आदेश भी उसी का एक उदाहरण है.