CGMSC की दवाइयों के लिये 70 वातानुकूलित वाहन
रायपुर । संवाददाता: सीजीएमएससी की दवाइयों को राज्य भर के अस्पतालों में पहुंचाने के लिये 70 वातानुकूलित तथा जीपीएस से लैस गाड़ियां उपलब्ध करा दी गई हैं. इससे दवाईयों के वितरण में कोल्ड चेन बना रहेगा. बता दें कि कुछ दवाईयों को रेफ्रेजरेटर में रखना पड़ता है तथा बाकी की दवाईयों को 30 डिग्री से कम तापमान में रखना पड़ता है अन्यथा उकी गुणवत्ता नष्ट हो जाती है.
गौरतलब है कि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने राज्य में दवाइयों की गुणवत्तापूर्ण सप्लाई के लिये विधानसभा में ये घोषणा की थी कि सभी वाहनों को जीपीएस से लैस किया जायेगा ताकि उनकी सही लोकेशन और सही समय का हमेशा पता चलता रहे.
स्वास्थ्य मंत्री की इस घोषणा पर अमल करते हुए सीजीएमएससी ने लगभग 70 वाहनों में अत्याधुनिक जीपीएस लगाया है. इसकी खासियत है कि जहां नेटवर्क नहीं रहता वहां लोकेशन और रूट को रिकॉर्ड कर ये बाद में दिखाता है. इससे गड़बड़ी या देरी की कोई गुंजाइश नहीं रहती.
छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस लिमिटेड दवाइयों की गुणवत्ता को बरकरार रखने के लिये प्रतिबद्ध है. इसके लिए वातानुकूलित सप्लाई चैन वाहनों के जरिये दवाइयों, कंज्यूमेबल समान और रीजेंट्स को पूरे राज्य में पहुंचाया जाता है. हर साल लगभग 1 हज़ार प्रकार की दवायें और 6 सौ प्रकार के कंज्यूमेबल सामान तथा रीजेंट्स को पूरे राज्य में भेजा जाता है.
इन वाहनों की खास बात है कि ये प्रोडक्ट क्वालिटी और दवाइयों की क्षमता को बरकरार रखते हैं. इसमें टेंपरेचर सेंसिटिव दवाइयों को अच्छे तरीके से रखा जाता है ताकि दवाइयों का टेंपरेचर नियंत्रण में रहे और वो खराब न हों. इनमें सुरक्षा के अनुसार दवाइयों का स्टोरेज होता है.