छत्तीसगढ़: सूरजपुर में युवती की लाश मिली, गला रेतकर हत्या
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में एक 26 वर्षीय युवती पिंकी सोलंकी का शव शुक्रवार दोपहर मोरभंज डेम के निकट जंगल के किनारे मिला. जिसके गले पर धारदार हथियार से रेतने के गहरे निशान थे. पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानते हुए जांच शुरू कर दी है.
परिजनों के अनुसार, पिंकी मूल रूप से अंबिकापुर के गांधीनगर की रहने वाली थीं. उन्होंने पहले पति को छोड़कर पटना पंडोपारा निवासी हेमंत कुमार उर्फ गोलू से प्रेम विवाह किया था. दोनों कुछ समय तक पति-पत्नी की तरह साथ रहे, लेकिन लगातार झगड़ों और मतभेदों के कारण रिश्ते बिगड़ गए.
परेशान होकर पिंकी अपनी 7 साल की बेटी के साथ अलग किराए के मकान में रहने लगी थीं.
मृतका की छोटी बहन रिंकी पाटिल ने बताया कि 29 जनवरी दोपहर करीब 12:30 बजे पिंकी ने बेटी मंजू को उसके पास छोड़कर बाजार जाने की बात कही और घर से निकल गईं. शाम तक उनके लौटने की कोई सूचना नहीं मिली, जिससे परिवार में चिंता बढ़ गई.
अगले दिन यानी 30 जनवरी दोपहर लगभग 3 बजे ग्रामीणों को डेम के पास जंगल में एक महिला का शव पड़ा दिखा. सूचना मिलते ही जयनगर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों ने शव की पहचान पिंकी के रूप में की.
परिवार का आरोप है कि यह हत्या पति हेमंत के साथ चली आ रही रंजिश का नतीजा है. आए दिन के विवादों से तंग आकर पिंकी अलग रहने लगी थीं, जिससे गुस्सा और बढ़ गया होगा.
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. एसडीओपी अभिषेक पैकरा और थाना प्रभारी रूपेश कुंतल एक्का सहित टीम ने मौका-ए-वारदात का निरीक्षण किया और हर संभव कोण से जांच शुरू कर दी है. अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है.