छत्तीसगढ़: भालू का हमला, 4 लोगों की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कांकेर और धमतरी जिलों में जंगली भालुओं के अलग-अलग हमलों में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. इन घटनाओं के बाद से प्रभावित ग्रामीण इलाकों में भारी दहशत का माहौल है और वन विभाग के खिलाफ लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है.
सबसे दर्दनाक घटना कांकेर जिले के लारगांव मरकाटोला के पास हुई. आश्रम में रसोइया का काम करने वाली गोरसे जुरी (50) अपने भाई हलाल खोर जुरी (45) और दो मासूम बच्चों के साथ घर लौट रही थीं, तभी एक मादा भालू ने उन पर हमला कर दिया. बच्चों को सुरक्षित बचाने के बाद भाई-बहन भालू से भिड़ गए.
उनकी चीख-पुकार सुनकर पास के खेत में काम कर रही उनकी बहन खोरिन बाई जुरी (43) भी बचाने दौड़ी, लेकिन आक्रामक भालू ने तीनों को कुचलकर मार डाला.
कांकेर के डीएफओ रौनक गोयल के अनुसार, मादा भालू के इस असामान्य और हिंसक व्यवहार की वजह उसके शावक की एक दिन पहले हुई मौत थी. अपने शावक को खोने के दुख और गुस्से में भालू ने सामने आए ग्रामीणों पर हमला कर दिया.
इसके अलावा, कांकेर के नरहरपुर वन परिक्षेत्र के सिहारीनाला इलाके में भालू के हमले से देवबली राम ध्रुव नामक ग्रामीण की जान चली गई.
वहीं, धमतरी जिले के सिंगपुर रेंज में जंगल से मशरूम (पुटू) बीनकर लौट रहे दो ग्रामीण, रामप्रसाद साहू और रामप्रसाद, भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए. प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को तुरंत 25,000 रुपये की फौरी सहायता देने के साथ 6 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है और ग्रामीणों को फिलहाल अकेले जंगल न जाने की सलाह दी है. AI Generated Symbolic Photo.