सुकमा में नक्सलियों का हथियार अड्डा ध्वस्त
सुकमा में नक्सलियों का हथियार अड्डा तबाह
सुकमा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर के सुकमा के जंगलों की घनी आड़ में छिपी नक्सलियों की गुप्त हथियार फैक्ट्री को जिला रिजर्व गार्ड (DRG) ने मलबे में तब्दील कर दिया है. छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में जारी अभियान के दौरान यह कार्रवाई अंजाम दी गई, जहां सुरक्षाकर्मियों ने खुफिया इनपुट के दम पर बिना किसी नुकसान के सफलता हासिल की.
मौके से बरामद वस्तुओं में 17 राइफलें, बीजीएल रॉकेट लॉन्चर, सिंगल शॉट रॉकेट लॉन्चर, देसी कट्टा, ढेर सारा बारूद, वायर, बोर मशीन, ड्रिल मशीन, पाइप, हैंड ड्रिल और शील्ड जैसी विस्फोटक सामग्री शामिल है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह ठिकाना माओवादियों के लिए हथियारों को दुरुस्त करने और नया निर्माण करने का मुख्य केंद्र था, जहां से सुरक्षा बलों पर हमलों की साजिशें बुनी जा रही थीं.
इस रणनीतिक छापेमारी से नक्सली संगठन की कमर टूट गई है.
जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हमारा लक्ष्य नक्सल हिंसा को जड़ से उखाड़ना तो है ही, साथ ही इलाके में शांति और विकास की बुनियाद मजबूत करना भी. राज्य सरकार की नई 'छत्तीसगढ़ नक्सलवाद पीड़ित राहत पुनर्वास नीति-2025' के तहत हिंसा त्यागकर समर्पण करने वाले नक्सलियों को सुरक्षा, सम्मान, नौकरी और पुनर्वास के साथ-साथ उनके परिवारों को शांतिपूर्ण जीवन का मौका दिया जाएगा. बच्चों को बेहतर पढ़ाई का इंतजाम भी सुनिश्चित होगा.