छत्तीसगढ़: बस्तर में गुमशुदा बच्चों की सकुशल वापसी
रायपुर । संवाददाता: राखी पर्व से ठीक पहले बस्तर जिले में ऑपरेशन मुस्कान के अंतर्गत गुमशुदा बच्चों की सकुशल वापसी ने कई परिवारों में खुशियों की बहार ला दी है. बच्चों के लौटने से ना केवल उनके परिवारों में उत्सव जैसा माहौल बना है, बल्कि पूरे क्षेत्र में सकारात्मक संदेश भी गया है.
इस पहल ने यह सिद्ध कर दिया है कि शासन की संवेदनशीलता और पुलिस की सतर्कता से असंभव भी संभव हो सकता है.
बस्तर पुलिस द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते एक माह में जिले से कुल 11 बच्चे (2 बालक और 9 बालिकाएं) गुमशुदा हुए थे. ऑपरेशन मुस्कान की सतत निगरानी और सक्रिय प्रयासों के फलस्वरूप इनमें से 2 बालक एवं 7 बालिकाएं सकुशल दस्तयाबी कर परिजनों को सौंप दी गई है.
इसके अतिरिक्त, पहले से लापता 5 अन्य बालिकाओं को भी इस अभियान के दौरान खोज निकाला गया है, जो अभियान की सफलता और गहराई को दर्शाता है.
इन बच्चों को छत्तीसगढ़ के कोरबा, तेलंगाना के हैदराबाद, आंध्रप्रदेश के कुडूर, ओडिशा के जयपुर और तमिलनाडु के तिरुपुर जैसे विभिन्न राज्यों और शहरों से बरामद किया गया है. यह उपलब्धि पुलिस विभाग के सशक्त अंतर्राज्यीय समन्वय और सतत प्रयासों का प्रतिफल है.
ऑपरेशन मुस्कान, छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित एक विशेष अभियान है, जिसका उद्देश्य लापता एवं गुमशुदा बच्चों की खोज कर उन्हें उनके परिवार से पुनः मिलाना है.