शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

ड्यूटी पर तैनात दो पुलिस जवानों को ट्रेलर ने कुचला, दोनों की मौत

C

CG Khabar

26 फ़र. 2026, 01:53 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

सड़क दुर्घटना
सड़क दुर्घटना

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में बुधवार को हथबंद थाना क्षेत्र के उडेला-पौसरी मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने मोटरसाइकिल सवार दो पुलिस आरक्षकों को अपनी चपेट में ले लिया. इस भीषण टक्कर में आरक्षक धर्मेंद्र यादव (35) और आरक्षक प्रशांतधर दीवान (35) की दुखद मृत्यु हो गई. 


मिली जानकारी के अनुसार, दोनों आरक्षक अपनी ड्यूटी के सिलसिले में मोटरसाइकिल से बलौदाबाजार की ओर जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने अचानक मोड़ काटते हुए उन्हें कुचल दिया. 

विज्ञापन


हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आरक्षक धर्मेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रशांतधर दीवान ने रायपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया.


मृतक धर्मेंद्र यादव बेमेतरा जिले के परसबोद गांव के निवासी थे और साइबर सेल में पदस्थ थे, वहीं प्रशांतधर दीवान नवागढ़ के रहने वाले थे और हथबंद थाने में अपनी सेवाएं दे रहे थे. 


हादसे के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रेलर चालक कुंजबिहारी को गिरफ्तार कर लिया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है. 


डीएसपी प्रेम लाल साहू ने पुष्टि की है कि दोनों जवान आधिकारिक जांच कार्य के लिए फील्ड पर निकले थे.  

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP