बलौदाबाजार: स्टील प्लांट में मजदूर की मौत पर फूटा गुस्सा
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक स्टील एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने उग्र रूप ले लिया. वेल्डर के हेल्पर के रूप में काम करने वाले 31 वर्षीय तोश कुमार ध्रुव की काम के दौरान हुई दुर्घटना में मौत हो गई,
जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया. कोलियारी निवासी तोश अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के भोजन के बाद जब तोश काम पर लौटा, तभी वह एक गंभीर हादसे का शिकार हो गया.
आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
इस खबर के फैलते ही फैक्ट्री के भीतर और बाहर मजदूरों और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने प्लांट का घेराव कर प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया.
बिगड़ते हालात को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. कंपनी के डीजीएम और प्रोजेक्ट हेड संदीप पाटिल ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि कंपनी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा.
उन्होंने आंतरिक जांच के भी आदेश दिए हैं. फिलहाल, ग्रामीणों ने परिवार के लिए भारी वित्तीय सहायता की मांग की है, जबकि प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा है.