शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: रायगढ़ में दलदल में फंसकर हाथी के बच्चे की मौत

C

CG Khabar

25 मई 2026, 01:40 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

हाथी
हाथी

रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के धरमजयगढ़ वन मंडल के अंतर्गत आने वाले छाल वन परिक्षेत्र से एक बेहद ही हृदयविदारक घटना सामने आई है. यहाँ आमागुड़ा-पुसल्दा तालाब के कीचड़ और दलदल में फंसने के कारण एक हाथी के बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई. 


इस हादसे के बाद का एक अत्यंत मार्मिक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें एक बेबस मादा हाथी अपने मृत बच्चे को होश में लाने और उसे सूंड व पैरों के सहारे उठाने का असफल प्रयास करती दिखाई दे रही है.


वन अधिकारी राजेश चौहान से मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरे इलाके में वर्तमान में करीब 52 हाथियों का एक विशाल दल घूम रहा है. शनिवार (23 मई) की रात को यह झुंड पानी पीने और नहाने के उद्देश्य से जंगल से निकलकर आमागुड़ा-पुसल्दा तालाब के पास पहुँचा था. इसी दौरान यह छोटा शावक दलदल की चपेट में आ गया और बाहर नहीं निकल पाने के कारण उसने दम तोड़ दिया. 


अपने बच्चे को मुसीबत में देख हाथियों का झुंड पूरी रात तालाब के इर्द-गिर्द ही डटा रहा और उनके चिंघाड़ने की आवाजें आती रहीं. अगले दिन सुबह जब ग्रामीणों और हाथी ट्रैकर्स को इसकी भनक लगी, तब जाकर वन विभाग को सूचित किया गया. बाद में हाथियों के वहां से हटने पर विभाग की टीम ने शव को बाहर निकालकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की.


यह घटना इसलिए भी वन्यजीव प्रेमियों को परेशान कर रही है क्योंकि पिछले महज 17 दिनों के भीतर छाल रेंज में यह तीसरे हाथी के बच्चे की मौत है. इससे पहले बीते 8 मई को सिंघीझाप के घोघरा बांध में डूबने से 6 महीने के एक शावक की जान गई थी, और फिर 11 मई को तरकेला गांव के पास केराझरिया जंगल के एक अन्य बांध में भी एक शावक दलदल में फंसकर मर गया था. File Photo

 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP