रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

अंबिकापुर में पीलिया का खौफ के चलते घर-घर सर्वे

C

CG Khabar

26 फ़र. 2026, 03:59 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

अंबिकापुर सर्वे पीलिया
अंबिकापुर सर्वे पीलिया

अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर नगर निगम अंतर्गत नवागढ़ जोन और आसपास के चार वार्डों में पीलिया के बढ़ते मामलों ने शहर में हड़कंप मचा दिया है. इस बीच स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोमिनपुरा, नवागढ़, खटिकपारा और झंझटपारा जैसे प्रभावित इलाकों में व्यापक स्तर पर 'डोर-टू-डोर' सर्वे अभियान शुरू किया है. 


बुधवार को नर्सिंग छात्राओं और स्वास्थ्य कर्मियों की मदद से संदिग्ध मरीजों के रक्त नमूने लिए गए, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस विशेष सैंपलिंग में फिलहाल कोई नया संक्रमित सामने नहीं आया है.

विज्ञापन


विभागीय अधिकारियों ने उन चर्चाओं पर भी विराम लगा दिया है जिनमें एक बच्चे और एक युवक की मौत का कारण पीलिया बताया जा रहा था. सरगुजा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. पी.एस. मार्को ने स्पष्ट किया कि मेडिकल हिस्ट्री की जांच के अनुसार दोनों की मृत्यु अन्य गंभीर बीमारियों के चलते हुई है, न कि पीलिया से. 


उन्होंने बताया कि नवागढ़ जोन में जो 45 मरीज मिले थे, वे बीते दो महीनों के दौरान संक्रमित हुए थे और उनमें से अधिकांश अब पूरी तरह स्वस्थ हैं.


पीने के पानी की गुणवत्ता पर उठ रहे सवालों के बीच जनस्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) की रिपोर्ट भी सामने आई है. जांच के लिए भेजे गए 35 नमूनों में से 34 मानक स्तर पर सही पाए गए हैं, जबकि केवल एक स्थान का पानी अमानक मिला है. 


इधर, दूषित जलापूर्ति के मुद्दे पर बुधवार को कांग्रेस ने नगर निगम का घेराव करते हुए प्रशासन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए. विपक्ष के बढ़ते दबाव के बीच निगम प्रशासन ने दावा किया है कि पाइप लाइनों की युद्धस्तर पर मरम्मत की जा रही है ताकि सुरक्षित पेयजल सुनिश्चित किया जा सके.


स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि आंखों या त्वचा में पीलापन, कमजोरी अथवा बुखार जैसे लक्षण महसूस हों, तो तत्काल चिकित्सकीय सलाह लें. 


नोडल अधिकारी डॉ. शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि अस्पताल में पीलिया के सामान्य केस नियमित रूप से आते हैं और वर्तमान में संक्रमण के आंकड़ों में कोई अप्रत्याशित उछाल दर्ज नहीं किया गया है. विभाग फिलहाल पानी के अन्य सैंपलों की विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है ताकि संक्रमण के सटीक स्रोत का पता लगाया जा सके.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP