छत्तीसगढ़: अकवान चक्रवात से हुई फसल क्षति पर प्रभावित किसानों को मिलेगी आर्थिक सहायता
अकवान चक्रवात से हुई फसल क्षति के सर्वेक्षण के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश जारी किए हैं. सर्वेक्षण के बाद प्रभावित किसानों को आरबीसी 6-4 और फसल बीमा योजना के प्रावधानों के तहत नियमानुसार आर्थिक सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी.
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में अकवान चक्रवात के कारण फसलों को हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को आश्वस्त किया है कि राज्य सरकार हर प्रभावित किसान के साथ खड़ी है और उन्हें किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है.
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार ने सभी जिला कलेक्टरों को चक्रवात से प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए हैं.
इस सर्वेक्षण के आधार पर सभी पात्र किसानों को नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी.
प्रभावित किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के प्रावधानों के अंतर्गत पात्रतानुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी.
इसके साथ ही, जिन किसानों की फसलें बीमित हैं, उन्हें संबंधित फसल बीमा योजना के प्रावधानों के अनुसार पात्र बीमा दावा राशि दिलाने की कार्रवाई भी की जाएगी. मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित किसानों को हरसंभव और नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.