छत्तीसगढ़: कांग्रेस की 6 सदस्यीय टीम करेगी हिरणों की मौत की पड़ताल
अंबिकापुर । संवाददाता: सरगुजा स्थित संजय पार्क में आवारा कुत्तों के हमले से 15 हिरणों की दर्दनाक मौत के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है. प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इस हृदयविदारक घटना की तह तक जाने के लिए पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के नेतृत्व में एक छह सदस्यीय विशेष जांच दल का गठन किया है.
यह टीम जल्द ही घटना स्थल का दौरा कर अपनी विस्तृत रिपोर्ट पार्टी मुख्यालय को सौंपेगी. इस दल में जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक और नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद समेत क्षेत्र के अन्य वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है.
गौरतलब है कि पिछले शुक्रवार की रात पार्क के बाड़े में घुसे कुत्तों ने हिरणों पर हमला कर दिया था, जिसके बाद शनिवार को 14 और रविवार को एक हिरण ने दम तोड़ दिया. कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इस घटना पर गहरी चिंता जताते हुए प्रदेश सरकार को वन्यजीवों की सुरक्षा में विफल बताया है.
उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग बड़े अधिकारियों को बचाने के लिए केवल छोटे कर्मचारियों पर गाज गिरा रहा है.
दूसरी ओर, वन विभाग ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए पीसीसीएफ वाइल्डलाइफ के निर्देश पर दो सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच समिति बनाई है. इस प्रकरण में अब तक लापरवाही बरतने वाले डिप्टी रेंजर समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित किया जा चुका है.
घटना के बाद सुरक्षा कारणों से बंद किए गए संजय पार्क को अब बाड़ों की मरम्मत और सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने के बाद दोबारा आम जनता के लिए खोल दिया गया है.