छत्तीसगढ़: कांकेर में 6 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण
कांकेर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग में कांकेर जिले में एक महिला कैडर सहित छह सक्रिय माओवादियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है. समर्पण करने वाले नक्सलियों में 5 राजनांदगांव-कांकेर बॉर्डर डिवीजन के हैं, जबकि 1 पीएलजीए (PLGA) कंपनी नंबर-5 का सदस्य है.
कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में शामिल होने वालों की पहचान एरिया कमेटी मेंबर (ACM) मंगेश पोडियामी, गणेश वीके, मंगती जुर्री, हिड़मे मरकाम उर्फ सुनीता, राजे और पीपीसीएम स्तर की कैडर स्वरूपा उसेंडी के रूप में हुई है.
इन नक्सलियों ने समर्पण के दौरान पुलिस को एक एसएलआर (SLR) और दो .303 राइफलें भी सौंपी हैं.
बस्तर रेंज के आईजी पी. सुंदरराज ने इस मौके पर अन्य सक्रिय नक्सलियों से भी हथियार छोड़ने की अपील की है. उन्होंने स्पष्ट किया कि समर्पण करने वाले इन कैडरों को सरकार की पुनर्वास नीति के तहत सभी आवश्यक सहायता और सुविधाएं प्रदान की जाएंगी.
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पिछले 26 महीनों में राज्य की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर 2,700 से अधिक माओवादी कैडर अब तक हिंसा का त्याग कर समाज की मुख्यधारा में शामिल हो चुके हैं.