CGPSC परीक्षा परिणाम: सूची में 'NEWS' और 'SPACERANI' जैसे अजीबोगरीब नाम
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा सूबेदार, सब-इंस्पेक्टर कैडर और प्लाटून कमांडर भर्ती 2024 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी करते ही नया विवाद खड़ा हो गया है. आयोग द्वारा जारी 7,301 सफल अभ्यर्थियों की मेरिट सूची में "NEWS" और "SPACERANI" जैसे अजीबोगरीब नाम और अधूरे विवरण वाले कई प्रविष्टियां सामने आई हैं, जिसे लेकर कांग्रेस ने भर्ती प्रक्रिया में बड़ी गड़बड़ी, लापरवाही और गंभीर खामियों के आरोप लगाए हैं.
विपक्ष ने इस मामले की स्वतंत्र जांच और पारदर्शी प्रक्रिया की मांग की है.
दूसरी ओर, विवाद बढ़ता देख सीजीपीएससी ने आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम उम्मीदवारों द्वारा ऑनलाइन आवेदन पत्र में भरी गई जानकारी के आधार पर स्वचालित (ऑटोमैटिक) रूप से तैयार होते हैं.
आयोग के अनुसार, आवेदन पोर्टल में उम्मीदवारों द्वारा दर्ज किए गए नाम और विवरण को बिना किसी मैनुअल संपादन के सीधे परिणाम सूची में प्रदर्शित किया गया है.
गौरतलब है कि पुलिस विभाग के 341 पदों के लिए आयोजित इस भर्ती की मुख्य लिखित परीक्षा अक्टूबर 2026 में प्रस्तावित है, लेकिन इस नए विवाद ने पूरी चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं.