CGBSE 2026: बेटियों ने फिर मारी बाजी, जियासु वर्मा और संध्या नायक टॉपर
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने वर्ष 2026 की कक्षा 10वीं और 12वीं की मुख्य परीक्षाओं के परिणाम आधिकारिक वेबसाइट पर घोषित कर दिए हैं. इस वर्ष के परिणामों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि प्रदेश की बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं.
12वीं की बोर्ड परीक्षा में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पलारी ब्लॉक स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र जियासु वर्मा ने 98.60% अंकों के साथ राज्य की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. जियासु की इस ऐतिहासिक सफलता पर पूरे पलारी क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और विद्यालय प्रबंधन ने इसे छात्र की कड़ी मेहनत, नियमित अध्ययन और शिक्षकों के सटीक मार्गदर्शन का सुखद परिणाम बताया है.
कक्षा 12वीं की मेरिट सूची में अन्य मेधावियों ने भी कड़ी प्रतिस्पर्धा पेश की है. बेमेतरा की ओमनी ने 98.20% अंकों के साथ दूसरा स्थान, जबकि रायगढ़ के कृष महंत ने 97.80% अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया. चौथे स्थान पर दुर्ग की रिया साहू, महासमुंद की शहनाज प्रवीण और पेंड्रा के ताहिर खान संयुक्त रूप से काबिज रहे.
वहीं, हाईस्कूल (10वीं) के परीक्षा परिणामों पर नजर डालें तो महासमुंद जिले का दबदबा देखने को मिला है. महासमुंद की संध्या नायक और परी रानी प्रधान के साथ मुंगेली के अंशुल शर्मा ने 99\% अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रदेश में टॉप किया है. इसके बाद कबीरधाम की रिया केसरवानी और महासमुंद की रानू सिद्धिमई 98.83% अंकों के साथ दूसरे पायदान पर रहीं.
आंकड़ों के विश्लेषण से स्पष्ट है कि इस वर्ष भी छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों की तुलना में काफी बेहतर रहा है. 12वीं कक्षा में जहां 86.4% छात्राएं उत्तीर्ण हुईं, वहीं छात्रों का पास प्रतिशत 78.8% दर्ज किया गया, जिससे कुल पास प्रतिशत 83.04% तक पहुँचा.
कक्षा 10वीं का कुल परिणाम 77.15% रहा. परीक्षा परिणामों की घोषणा के बाद पूरे प्रदेश में सफल विद्यार्थियों के घरों पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है. शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के शानदार परिणामों से ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में शिक्षा के प्रति एक सकारात्मक और प्रतिस्पर्धी माहौल विकसित होगा, जो भविष्य में छत्तीसगढ़ को शैक्षणिक रूप से और अधिक सशक्त बनाएगा.