कस्टोडियल डेथ मामले की जांच करने जेल पहुंची CBI टीम
बिलासपुर । संवाददाता: बिलासपुर के बहुचर्चित श्रवण सूर्यवंशी कस्टोडियल डेथ मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने अपनी पड़ताल शुरू कर दी है. तीन सदस्यीय सीबीआई टीम शुक्रवार को बिलासपुर सेंट्रल जेल पहुंची और पुलिस अधिकारियों पर लगे गंभीर आरोपों की पड़ताल में जुट गई.
यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट द्वारा मामले की जांच सीबीआई को सौंपे जाने और छत्तीसगढ़ सरकार को मृतक के परिवार को 25 लाख रुपये का अंतरिम मुआवजा देने का निर्देश देने के बाद हुई है. सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि हिरासती हिंसा के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी पर कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी.
यह पूरा मामला बिलासपुर के सीपत थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने 18 जनवरी 2024 को 34 वर्षीय श्रवण सूर्यवंशी को कथित तौर पर 1,200 रुपये मूल्य की महुआ शराब रखने के आरोप में हिरासत में लिया था. हिरासत के तीन दिन बाद, 21 जनवरी को अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी.
घटना के बाद मजिस्ट्रेट जांच में यह खुलासा हुआ था कि मौत का कारण किसी भारी वस्तु से सिर पर लगी गंभीर चोट थी. इस रिपोर्ट के बावजूद एफआईआर दर्ज करने में करीब ढाई साल की देरी हुई, जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने राज्य पुलिस और प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई.
अब सीबीआई की यह विशेष टीम न केवल कस्टोडियल हिंसा के जिम्मेदार लोगों की पहचान करेगी, बल्कि इस बात की भी गहन जांच करेगी कि न्यायिक रिपोर्ट आने के बावजूद पुलिस और राज्य अधिकारियों ने समय पर उचित कार्रवाई क्यों नहीं की.