छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर पशु तस्करी: 171 मवेशी मुक्त, 9 तस्कर गिरफ्तार
बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर के भोपालपटनम थाना क्षेत्र में पुलिस ने अंतरराज्यीय पशु तस्करी के एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने में सफलता प्राप्त की है. मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उल्लूर घाटी और चिल्लामरका के दुर्गम जंगली रास्तों पर घेराबंदी कर 171 मवेशियों को तस्करों के चंगुल से छुड़ाया.
बरामद किए गए पशुओं में गाय, बैल और बछड़े शामिल हैं, जिन्हें निर्दयतापूर्वक पैदल ही तेलंगाना ले जाया जा रहा था.
इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 9 आरोपियों को हिरासत में लिया है, जो छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र और तेलंगाना के निवासी बताए जा रहे हैं.
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ और जांच में तस्करों के पास पशुओं के परिवहन या स्वामित्व से संबंधित कोई भी कानूनी दस्तावेज नहीं मिले.
पकड़े गए आरोपियों में तेलंगाना के तीन, महाराष्ट्र के पांच और स्थानीय बीजापुर का एक व्यक्ति शामिल है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह गिरोह कई राज्यों में सक्रिय है.
पुलिस ने सभी बरामद मवेशियों को नगर पंचायत भोपालपटनम के गौठान में सुरक्षित भेज दिया है.
आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण (संशोधन) अधिनियम 2011 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कड़ा मामला दर्ज किया गया है. न्यायालय में पेश करने के बाद सभी आरोपियों को रिमांड पर ले लिया गया है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य संपर्कों का पता लगाया जा सके.