कैंसर पीड़ित नफ़ीसा अली ने अस्पताल से तस्वीर साझा की- 'लड़ाई जारी है'
मुंबई । डेस्क: वरिष्ठ अभिनेत्री नफ़ीसा अली एक बार फिर गंभीर स्वास्थ्य समस्या का सामना कर रही हैं. ओवरी के चौथे चरण के कैंसर से जूझ रहीं 69 वर्षीय अभिनेत्री का कैंसर अब उनके लिवर के ऊपरी हिस्से तक फैल गया है.
हाल ही में कराए गए PET/CT स्कैन की रिपोर्ट में इसका खुलासा होने के बाद डॉक्टरों ने उनके इलाज की पद्धति में बदलाव करते हुए अब 'टारगेटेड थेरेपी' शुरू की है.
अस्पताल के बिस्तर पर मुस्कुराते हुए अपनी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए नफ़ीसा अली ने अपने प्रशंसकों को यह जानकारी दी.
तस्वीर में उनके हाथ में आईवी ड्रिप लगी नजर आ रही है. उन्होंने लिखा कि उनकी बीमारी पेरियोटोनियल और ओवेरियन कैंसर के रूप में लिवर तक बढ़ चुकी है, लेकिन वे पूरी हिम्मत के साथ इसका मुकाबला कर रही हैं. उन्होंने कठिन समय में मनोबल बढ़ाने के लिए अपने प्रशंसकों का आभार व्यक्त किया.
उल्लेखनीय है कि नफ़ीसा अली को पहली बार 2018 में तीसरे चरण के कैंसर का पता चला था, जिसके बाद से उनका इलाज जारी है. हाल ही में बीमारी से संघर्ष के अपने अनुभवों को साझा करते हुए उन्होंने कहा था कि कैंसर न केवल आर्थिक संतुलन बिगाड़ देता है, बल्कि परिवार को भी भावनात्मक रूप से तोड़ देता है.
हालांकि, इस बीमारी के बावजूद उन्होंने अभिनय से दूरी नहीं बनाई. 2022 में वह अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म 'ऊंचाई' में नजर आई थीं और हाल ही में उनकी फिल्म 'मैक्स, मीन एंड मियाजाकी' भी रिलीज हुई है.