लाल किले विस्फोट पर कड़ी निंदा
लाल किले विस्फोट पर मंत्रिमंडल का गहरा शोक और कड़ी निंदा
दिल्ली । पीआईबी: मंत्रिमंडल ने 10 नवंबर 2025 की शाम दिल्ली में लाल किले के पास हुई कार विस्फोट की आतंकवादी घटना में मारे गए लोगों के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए, मृतक लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा. एक प्रस्ताव पारित करते हुए मंत्रिमंडल ने इस जघन्य कृत्य को देश-विरोधी ताक़तों द्वारा किया गया एक कायरतापूर्ण और घृणित कार्य बताया, जिसकी कठोर शब्दों में निंदा की गई है.
मंत्रिमंडल ने मृतकों के परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की. इसके साथ ही, चिकित्सा कर्मियों और आपातकालीन सेवाओं में लगे कर्मियों के त्वरित प्रयासों की सराहना की गई, जिन्होंने पीड़ितों की सहायता और देखभाल में योगदान दिया.
प्रस्ताव में भारत की आतंकवाद के सभी प्रारूपों के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता को दोहराया गया. मंत्रिमंडल ने दुनिया भर की कई सरकारों से प्राप्त एकजुटता और समर्थन के बयानों के लिए भी आभार प्रकट किया.
मंत्रिमंडल ने अधिकारियों, सुरक्षा एजेंसियों और नागरिकों द्वारा साहस और करुणा के साथ की गई समयबद्ध और समन्वित प्रतिक्रिया की सराहना की. इसके अलावा, मंत्रिमंडल ने इस घटना की जांच अत्यंत तत्परता और पेशेवर ढंग से करने के निर्देश दिए हैं ताकि अपराधियों, उनके सहयोगियों और प्रायोजकों की पहचान कर उन्हें शीघ्र न्याय के कटघरे में लाया जा सके. सरकार द्वारा सर्वोच्च स्तर पर स्थिति की निगरानी लगातार की जा रही है. मंत्रिमंडल ने सभी भारतीयों के जीवन और कल्याण की रक्षा करने की अपनी अटूट प्रतिबद्धता को दोहराया.