रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

यात्रियों से भरी बस पलटी, मासूम बच्ची की मौत

H

Hupendra Sharma

25 सित. 2025, 12:19 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

बस पलटी
बस पलटी

धमतरी | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में गुरुवार को यात्रियों से भरी एक बस के पलटने से चार साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई. वहीं कई लोग घायल हो गए हैं. घायलों को जिला अस्पताल लाया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है. बस धमतरी से नगरी जा रही थी. 


डीआरडी कंपनी की यह बस धमतरी बस स्टैंड से नगरी के लिए रवाना हुई थी. इस दौरान केरेगांव थाना क्षेत्र के खड़ादाह गांव के पास स्टेट हाइवे पर बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई.

विज्ञापन


हादसे के बाद मौके पर चीखपुकार मच गई. घटना के सूचना मिलते ही केरेगांव पुलिस मौके पर पहुंची.


बताया गया कि दुर्घटना के समय बस में 18 से 20 यात्री सवार थे. खड़ादाह मोड़ के पास बस तेज गति से जा रही थी और अचानक ब्रेक फेल हो जाने के कारण चालक बस को नियंत्रित नहीं कर पाया.


बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे यात्रियों में भगदड़ मच गई. कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.


स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर पुलिस ने घायल यात्रियों को बस से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया.


ग्राम बेलौदी निवासी घायल टीकाराम साहू और उनकी पत्नी कुमारी बाई ने बताया कि घटना कैसे हुई उन्हें कुछ समझ नहीं आया.


इतना मालूम है कि सड़क काफी खराब है और बस चालक काफी तेज रफ्तार में चला रहा था. इस बीच अचानक बस पलट जाने से वहां अफरा तफरी मच गई थी.


इस हादसे में कलेसिया निषाद और उसकी बच्ची रागिनी को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया. डॉक्टरों ने जांच के बाद रागिनी को मृत घोषित कर दिया.


कलेसिया निषाद ने बताया कि वह अछोटा गांव में अपने रिश्तेदार के यहां गई थी और अपनी नातिन और बच्ची के साथ घर लौट रही थी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP