रायपुर में तोमर बंधुओं के ऑफिस पर चला बुलडोजर
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार की सुबह सूदखोर और हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं के अवैध ऑफिस को ढहा दिया. कार्रवाई के दौरान ऑफिस से कई अहम दस्तावेज प्राप्त हुए हैं. साथ ही टीवी, एसी, सोफा सहित अन्य सामान को जब्त किया गया है.
दरअसल, रविवार की सुबह निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ भाठागांव स्थित तोमर बंधुओं के ऑफिस पहुंची. इस ऑफिस का निर्माण नियमों के खिलाफ किया गया था.
रोहित तोमर ने पत्नी भावना के नाम पर इस ऑफिस को खोला था. इस ऑफिस के आड़ में तोमर बंधु सूदखोरी का काम करते थे.
तोड़फोड़ की कार्रवाई से पहले निगम की टीम ने दफ्तर में मौजूद सामान को बाहर निकाल कर जब्ती की कार्रवाई की. इसके बाद दफ्तर को बुलडोजर से ढहा दिया.
फिलहाल, रोहित तोमर और वीरेंद्र तोमर पिछले 2 महीने से फरार हैं. दोनों हिस्ट्रीशीटर भाइयों का पता बताने पर रायपुर पुलिस ने इनाम भी रखा है.
इस मामले में कुछ दिन पहले की रोहित सिंह तोमर की पत्नी भावना तोमर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस को पुख्ता सबूत मिले थे कि भावना तोमर फरार तोमर बंधुओं के संपर्क में हैं.
भावना तोमर भी वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड का संचालन करती थीं. वह कंपनी के नाम से जमीन की खरीदी-बिक्री करती थी.
उस पर आरोप है कि उसने 3 लाख रुपए की उधारी देकर एक 15 लाख की कार को गिरवी रखी. प्रार्थी से 5 लाख वसूलने के बावजूद 10 लाख की मांग करती रही.
ज्ञात हो कि वीरेंद्र सिंह तोमर और रोहित सिंह तोमर पर सूदखोरी, धमकी, ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली से जुड़े 6 से ज्यादा मामला दर्ज है.
पुलिस ने फरार रोहित और वीरेंद्र तोमर की तलाशी के लिए कई राज्यों में टीम भेजी थी, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं हो पाई है.