शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

बाउंसरों ने किया ग्रामीण आदिवासियों का अपहरण, पुलिस ने पकड़ा

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा के ग्रामीण आदिवासियों का बाउंसरों ने किया अपहरण

C

CG Khabar

15 जून 2025, 02:15 PM 3 मिनट में पढ़ें 1

ग्रामीण आदिवासियों का अपहरण
ग्रामीण आदिवासियों का अपहरण

दंतेवाड़ा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में रविवार को रायपुर राजधानी से आए बाउंसरों ने गीदम थाना क्षेत्र के दो गांवों में खूब बबाल मचाया. इन दोनों गांव से चार आदिवासी युवाओं को अपने चारपहिया वाहनों में जबरन बैठाया और उनको लेकर जाने लगे.


इस घटनाक्रम को देख ग्रामीण भी सन्न रह गए. गांव वालों के सामने ही इन बाउंसरों ने अपहरण की वारदात को अंजाम दिया. यह पूरा मामला नौकरी का झांसा देकर पैसे की लेन-देन से जुड़ा हुआ है.


ग्रामीणों के सामने अपहरण कर ले जाने के बाद आस-पास के सभी गांव वाले एकत्र हो गए. उन्होंने इस बात की सूचना गीदम पुलिस को दी. पुलिस ने नाकेबंदी कर अपहरणकर्ताओं को धर दबोचा.


साथ ही दो, चारपहिया वाहनों को जब्त किया है. इन वाहनों में रॉड और डंडे भी मौजूद थे.


ग्रामीणों का आरोप है कि राजू अंसारी ने इन चारों युवा आदिवासियों से चार लाख रुपए नौकरी के नाम पर लिया था. नौकरी लगी नहीं तो छले गए युवाओं ने पैसा वापस करने के लिए कहा.


इसी बात से झल्लाए राजू आंसारी ने चारों युवाओं के अपहरण की साजिश रच डाली. इसमें वह सफल भी हो जाता, लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता के चलते बड़ा अपराध होने से बच गया.


पुलिस ने करीब एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है. इन सभी से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है.


अपहरणकर्ता सफारी सूट पहने हुए थे

ग्रामीणों ने जब उनसे पूछताछ की तो उन्होंने खुद को क्राईम ब्रांच से आना बताया. इतना ही नहीं इनमें से कुछ खुद को मंत्री का पीएसओ भी बता रहे थे. ग्रामीणों के सामने ही जबरन उनको वाहनों में बैठाया गया.


इनमें से अधिकांश सफारी सूट पहने हुए थे. बूथपदर के सरपंच घासीराम कश्यप बताते हैं कि सुबह करीब साढ़े सात गांव में दो चार पहिया वाहन आए. ये लोग जैसे ही उतरे, इन सभी के हाथ में रॉड और प्लास्टिक के पाइप थे.


पूरे गांव ने इस तरह का गुंडागर्दी का माहौल पहले नहीं देखा था.


50 से अधिक लोगों से वसूला गया है पैसा

बूथ पदर गांव के रहने वाले भाजपा नेता राजेश कश्यप कहते हैं कि क्षेत्र के करीब 50 से अधिक युवाओं को राजू अंसारी ने ठगा है. इसने किसी से 20 हजार तो किसी से एक लाख रुपए लिया है.


राजू अंसारी पूरा पैसा भी डकार गया और नौकरी की बात की तो वह अपहरण और जान से मारने पर उतर आया है. पुलिस ने इन सभी को पकड़ लिया है.


नाकेबंदी के बाद बारसूर से पकड़े गए, जांच जारी

एसडीओपी गोविंद नाग का कहना है कि सभी संदेहियों को हिरासत में ले लिया गया है. दो चारपहिया वाहन से अज्ञात लोग आए थे. इन लोगो ने जबरन चार युवा ग्रामीणों को वाहन में बैठाया था.


इन सभी को नाकेबंदी कर बारसूर से पकड़ा गया है. मामला पैसे के लेने से जुड़ा है. गहराई से पड़ताल की जा रही है. संदेहियों के वाहन में डंडे भी थे.


फिलहाल जांच जारी है. जांच के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP