रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में बम की सूचना से हड़कंप

छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में बम की सूचना से हड़कंप मच गया

H

Hupendra Sharma

05 जुल. 2025, 08:21 AM 3 मिनट में पढ़ें 1

ट्रेन में बम की सूचना से हड़कंप
ट्रेन में बम की सूचना से हड़कंप

झांसी | संवाददाताः हजरत निजामुद्दीन से छत्तीसगढ़ के दुर्ग आने वाली छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में बम होने की सूचना से हड़कंप मच गया. ट्रेन को झंसी के वीरांगना लक्ष्मी बाई रेलवे स्टेशन पर खाली करवाकर जांच की गई.


जीआरपी, आईपीओ, बम और डॉग स्क्वायड की टीम ने एक-एक कोच को खाली कराकर तलाशी ली. हालांकि ट्रेन में बम की सूचना अफवाह निकली. इसके बाद यात्रियों ने राहत की सास ली.

विज्ञापन


पुलिस ने अब दिल्ली कंट्रोल रूप में फोन कर ट्रेन में बम होने की सूचना देने वाले शख्स की तलाश शुरू कर दी है. फिलहाल उसका मोबाइल बंद बता रहा है.


दूसरी ओर रेल प्रशासन द्वारा ट्रेन और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं क्योंकि ट्रेन में बम होने की सूचना मिलने के बाद भी करीब 400 किलोमीटर तक ट्रेन दौड़ती रही. इस बीच कई बड़े स्टेशन गुजरे, लेकिन ट्रेन को रोककर चेक नहीं किया गया.


दरअसल, शुक्रवार की शाम हजरत निजामुद्दीन से चलकर दुर्ग जाने वाली छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस हजरत निजामुद्दीन से शाम 5.55 बजे छूटी.


गाड़ी के स्टेशन से निकलने के करीब 10 मिनट बाद रेलवे के हेल्पलाइन रेल मदद पर किसी ने सूचना दी कि ट्रेन के स्लीपर कोच में बम है. इसके बाद वहां हड़कंप मच गया.


इसके बाद भी रेलवे प्रशासन, तत्परता दिखाने के बजाय ट्रेन के अगला स्टॉपेज उत्तर प्रदेश के झांसी पहुंचने का इंतजार करता रहा. जबकि इस बीच कई बड़े स्टेशन से ट्रेन गुजरी.


ट्रेन करीब 400 किलोमीटर की दूरी तय कर रात साढ़े 11 बजे झांसी के वीरांगना लक्ष्मी बाई स्टेशन पहुंची, तब जांच की गई.


इस बीच यात्रियों में ट्रेन में बम होने की जानकारी मिलने पर हड़कंप मच गया था.


लखनऊ जीआरपी ने ट्रेन पहुंचने से पहले ही अपने जवानों को झांसी रेलवे स्टेशन पर तैनात कर दिया था.


पुलिस ने किसी भी अफरा-तफरी की स्थिति से बचने के लिए प्लेटफॉर्म नंबर 2 को पूरी तरह से खाली करा उसे छावनी में तब्दील कर दिया था.


ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही पुलिस, जीआरपी, आरपीएफ, डॉग स्क्वायड और बम निरोधी दस्ते ने मोर्चा संभालते हुए सबसे पहले ट्रेन के सभी कोच को तुरंत खाली कराया.


यहां तक कि यात्रियों के सामान को भी प्लेटफॉर्म पर उतारा गया. 


इसके बाद पूरी ट्रेन में सर्च ऑपरेशन चलाकर जांच-पड़ताल की. करीब 50 मिनट तक चले सर्च ऑपरेशन में सुरक्षा बलों को कोई भी संदिग्ध वस्तु या बम नहीं मिला.


इसके बाद सभी ने राहत की सांस ली. झांसी से ट्रेन को रात 12.24 बजे आगे के सफर के लिए रवाना किया गया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP