शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

मॉस्को के रेस्टोरेंट में बम धमाका: 3 मौतें, 21 से अधिक घायल

C

CG Khabar

02 अग. 2026, 06:39 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

मॉस्को बम धमाका
मॉस्को बम धमाका

नई दिल्ली । डेस्क: रूस की राजधानी मॉस्को के मध्य इलाके में शनिवार शाम एक भव्य रेस्टोरेंट के बाहर हुए भीषण विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 से अधिक लोग घायल हो गए. रूसी अधिकारियों के अनुसार, यह हमला कुद्रिंस्काया स्क्वायर के पास स्थित प्रसिद्ध 'बालज़ी रोसी' रेस्टोरेंट के समर कैफे के पास हुआ. यह रेस्टोरेंट मॉस्को की ऐतिहासिक स्टालिन-युग की इमारतों में से एक के भूतल पर स्थित है.


रूसी गृह मंत्रालय और जांच अधिकारियों के प्राथमिक विवरण के अनुसार, यह विस्फोट एक होममेड आईईडी के जरिए किया गया. एक संदिग्ध महिला विस्फोटक उपकरण लेकर रेस्टोरेंट की ओर बढ़ रही थी. वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड ने जब उसे संदिग्ध मानकर रोकने का प्रयास किया, तभी जोरदार धमाका हो गया. इस हादसे में सुरक्षा गार्ड, एक राहगीर और हमलावर महिला संदिग्ध की मौत हो गई.


विस्फोट इतना भीषण था कि रेस्टोरेंट की खिड़कियों के कांच टूट गए और चारों ओर मलबा बिखर गया. घटना के तुरंत बाद सशस्त्र सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर सील कर दिया. शुरुआती आंकड़ों में घायलों की संख्या 15 बताई जा रही थी, जो बाद में बढ़कर 21 से अधिक हो गई. सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.


स्थानीय मीडिया और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के समय रेस्टोरेंट के बरामदे में एक वरिष्ठ रूसी जनरल का जन्मदिन मनाया जा रहा था, जहां कई सरकारी वाहन और निजी सुरक्षाकर्मी तैनात थे. 


हालांकि, रूसी अधिकारियों ने अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं की है कि क्या यह वीआईपी कार्यक्रम ही हमले का मुख्य लक्ष्य था. जांच एजेंसियां इस पहलू पर भी विचार कर रही हैं कि क्या महिला को इस्तेमाल कर रिमोट कंट्रोल से बम उड़ाया गया था. फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP