बोलीविया में नोटों से भरा सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त, 15 लोगों की मौत
ला पाज़ । डेस्क: बोलीविया की राजधानी ला पाज़ के निकट शुक्रवार को नोटों से भरा एक सैन्य कार्गो विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें कम से कम 15 लोगों की जान चली गई. सी-130 हरक्यूलिस परिवहन विमान एल अल्टो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे से फिसलकर पास के एक व्यस्त मार्ग पर जा गिरा, जिसकी चपेट में कई वाहन आ गए.
स्थानीय मीडिया और सोशल मीडिया पर वायरल फुटेज में विमान को कारों और ट्रकों को कुचलते हुए देखा जा सकता है. राष्ट्रीय अग्निशमन विभाग के कर्नल पावेल तोवर ने मौतों की पुष्टि करते हुए बताया कि राहत कार्य जारी है, हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मरने वाले विमान में सवार थे या सड़क पर मौजूद वाहनों में.
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल तब और गंभीर हो गया जब विमान में लदे नोट सड़क पर बिखर गए और स्थानीय लोगों ने नकदी बटोरना शुरू कर दिया.
बेकाबू भीड़ को तितर-बितर करने और स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए दंगा नियंत्रण पुलिस को तैनात करना पड़ा.
अग्निशमन दल ने विमान में लगी आग पर काबू पा लिया है, लेकिन मलबे में दबे कम से कम 15 वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं. इस भीषण आपदा के बाद प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से हवाई अड्डे की सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है.