शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

सरगुजा में पेड़ से लटके मिले प्रेमी जोड़े के शव

C

CG Khabar

03 जून 2026, 09:51 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

फांसी लगाकर आत्महत्या
फांसी लगाकर आत्महत्या

अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में उदयपुर थाना क्षेत्र के सरगवां गांव में एक युवक और युवती ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी केंद्र के समीप एक पेड़ पर दोनों के शवों को चुनरी के फंदे से झूलते हुए देखा, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई. 


सूचना मिलते ही उदयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को फंदे से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा.


मृतकों की पहचान सरगवां निवासी 23 वर्षीय किशन दास और प्रेमनगर क्षेत्र के रघुनाथपुर की रहने वाली 20 वर्षीय अंजली दास के रूप में हुई है. पारिवारिक पृष्ठभूमि के अनुसार, दोनों आपस में करीबी रिश्तेदार थे. 


दरअसल, किशन की बहन बरखा का विवाह साल 2021 में हुआ था और मृतका अंजली, बरखा की ननद थी. बहन के घर आने-जाने और फोन पर बातचीत के सिलसिले के दौरान किशन और अंजली के बीच नजदीकियां बढ़ीं, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गईं. किशन पिछले करीब डेढ़ महीने से रघुनाथपुर में ही रहकर काम कर रहा था और सोमवार को ही अपने गांव लौटा था.


पुलिस के अनुसार, घटनास्थल या मृतकों के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिसके कारण आत्मघाती कदम उठाने की असल वजह अभी तक रहस्य बनी हुई है. अंदेशा जताया जा रहा है कि सोमवार रात को किशन ही अंजली को रघुनाथपुर से अपने साथ सरगवां लेकर आया था, क्योंकि दोनों सोमवार रात तक अपने-अपने घरों में मौजूद थे. 


पुलिस ने युवती के पास से एक पुराना मोबाइल फोन जब्त किया है, जबकि युवक का फोन अभी तक गायब है. शवों का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस कॉल डिटेल्स व अन्य पहलुओं के आधार पर मामले की गहराई से तफ्तीश कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP