बीजापुर में माओवादियों का विस्फोट और हथियार बरामद
बीजापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के पामेड़ और तर्रेम क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई की है. पामेड़ थाना क्षेत्र के ग्राम उड़तामल्ला के जंगल में माओवादियों द्वारा बनाए गए एक स्मारक को सुरक्षा बलों ने ध्वस्त कर दिया है.
वहीं तर्रेम थाना क्षेत्र के कोमटपल्ली के जंगल में जवानों ने माओवादियों द्वारा छिपा कर रखे हथियार और विस्फोटक को बरामद किया है.
जानकारी के मुताबिक गुंडराजगुड़ेम, बड़सेनपल्ली, मंगलतोर और उड़तामल्ला के जंगल में माओवादी विरोधी अभियान के तहत कोबरा 208, सीआरपीएफ 228 और सुकमा जिले से कोबरा 203 की संयुक्त टीमें रवाना हुई थी.
अभियान के दौरान उड़तामल्ला के जंगल में निर्मित माओवादी स्मारक को ध्वस्त किया.
इसी तरह तर्रेम थाना क्षेत्र में जिला बल एवं केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 170वीं बटालियन की संयुक्त टीम कोमटपल्ली के जंगलों में सर्चिंग अभियान पर निकली थी.
इस दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी. माओवादियों द्वारा पहाड़ी क्षेत्र में चट्टानों के बीच छिपाकर रखा गया विस्फोटक व हथियार बरामद किया गया.
बरामद सामग्रियों में बंदूक, बीजीएल राउंड एवं रॉड, बीजीएल पार्ट्स, विस्फोटक निर्माण सामग्री, विभिन्न आकार के प्रेशर कुकर, आरी-ब्लेड स्पीकर आदि शामिल है.
साथ ही सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में माओवादियों के अस्थायी कैंप, ट्रेनिंग कैंप और अन्य ठिकानों को भी ध्वस्त कर दिया है.